धनबाद :- बीसीसीएल प्रबंधन द्वारा इनमोसा और सीएमओएआई को सेफ्टी कमेटी में प्रतिनिधित्व दिए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जानकारी के मुताबिक बीसीसीएल के एचओडी आईआर सुरेंद्र भूषण ने 5 फरवरी को सभी एरिया के जीएम के नाम पत्र जारी किया।जिसमें कहा गया यूनिट,एरिया,एपेक्स लेवल सेफ्टी कमेटी में दोनों संगठनों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है।इस बीच 7 फरवरी को जीएम(एस&आर) ने 12 फरवरी को सेफ्टी बोर्ड की मीटिंग का पत्र जारी कर दिया।बताते हैं 5 फरवरी को जारी पत्र का अन्य केंद्रीय यूनियन नेताओं व सेफ्टी बोर्ड सदस्यों ने विरोध करना शुरू किया। 12 फरवरी की मीटिंग अब 17 फरवरी को आहूत की गयी है।इस बीच 13 फरवरी को बीसीसीएल सेफ्टी बोर्ड के सदस्य अरबिंद कुमार सिंह(JMS),आरपी सिंह(KIMP),एएम पॉल ( BCKU),उमेश कुमार सिंह(DCKS),आरके तिवारी(BCMU),शिशिर कुमार महतो(UCWU) ने हस्ताक्षरित विरोध पत्र सीएमडी को दिया।जिसमें कहा कि अगर दोनों संगठनों को मीटिंग में शामिल किया गया तो वे लोग मीटिंग में शामिल नहीं होंगे।सूत्रों के मुताबिक इधर विरोध की खबर के बाद इनमोसा के नेता संसद ढुलू महतो के दरबार पहुंचे एवं मीटिंग बहिष्कार न करने का आग्रह किया।जानकर बताते हैं प्रबंधन का यह निर्णय गले का हड्डी बन गया है।न उगलते बन रहा है न निगलते बन रहा है।केंद्रीय यूनियनों के बहिष्कार के घोषणा के बाद प्रबंधन के हाथ पांव फूलने लगे हैं।अहम सवाल यह है कि क्या 17 फरवरी को सेफ्टी बोर्ड की आहूत बैठक होगी ? या बहिष्कार का भेंट चढ़ जाएगा? या प्रबंधन दोनों संगठनों को प्रतिनिधित्व देने का पत्र वापस लेगा? इधर इनमोसा के दूसरे गुट ने भी प्रतिनिधित्व देने की मांग करते हुए प्रबंधन को पत्र दिया है।




