नागपुर :- डब्ल्यूसीएल में कल गुरुवार 22 अगस्त से सदस्यता सत्यापन का पहला चरण शुरू हो रहा है।ये 28 अगस्त तक चलेगा।इस बार भी पहले स्थान को लेकर मुख्य मुकाबला एचएमएस और बीएमएस के बीच संभावित है।दोनों संगठनों के कर्ता – धर्ता सफलता के लिए पूरे ताकत के साथ भिड़े हुए हैं।वहीं एक बार फिर इस बात की चर्चा जोरों से है कि क्या अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ के महामंत्री सुधीर घुरडे अपना क्षेत्र बलारपुर और चंद्रपुर बचा पाएंगे।आकड़ो के मुताबिक पिछले वर्ष के सदस्यता सत्यापन में दोनों क्षेत्रों में बीएमएस तीसरे स्थान पर था।इस परिणाम के बाद श्री घुरडे सवालों के कटघरे में खड़े कर दिए गए थे।आंकड़े बताते हैं बलारपुर में बीएमएस वर्ष 2019 , 2020 और 2022 में दूसरे स्थान पर, वर्ष 2021 में पहले एवं वर्ष 2023 में तीसरे स्थान पर था।वहीं चंद्रपुर में 2019 में दूसरे एवं 2020,2021,2022 एवं 2023 में तीसरे स्थान पर था।यानी महामंत्री के क्षेत्र में संगठन लगातार चार वर्षों से तीसरे स्थान पर है। दोनो क्षेत्रों में वर्ष 2023 में एचएमएस पहले स्थान एवं इंटक दूसरे स्थान पर था।इस वर्ष संगठन में इस बात को लेकर काफी मनन ,चिंतन के बाद रणनीति बनाई गई है।ताकि दोनो क्षेत्रों में संगठन की स्थिति में सुधार हो।ये रणनीति कितनी कारगर होती है ये आने वाले समय में ही पता चलेगा।




