रांची : ” तेलंगाना के नेट जीरो भविष्य के लिए जस्ट ट्रांजीशन रोड मैप ” विषय पर शुक्रवार को एक राउंडटेबल का आयोजन संपन्न हुआ।जिसका आयोजन स्वनीति इनिशिएटिव एवं सिंगरेनी कोल कंपनी लिमिटेड(एससीसीएल) के संयुक्त तत्वावधान में मंचेरियल जिला स्थित एससीसीएल के श्रीरामपुर एरिया ऑफिस में हुआ। राउंडटेबल की अध्यक्षता करते हुए एरिया महाप्रबंधक श्रीनिवास ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए मंचेरियल के कोयला पर निर्भर आबादी के लिए न्याय संगत परिवर्तन के महत्व को रेखांकित किया।
स्वनीति

इनिशिएटिव के फेलो ऋषिकिशोर ने विषय वस्तु पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए जस्ट ट्रांजीशन की अवधारणा और भारतीय संदर्भ में इसके महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।उन्होंने भारत के नेट जीरो भविष्य की दिशा में चल रही यात्रा और कोयला खदान बंद करने के वर्तमान दिशा – निर्देशों को जस्ट ट्रांजीशन के संदर्भ में चर्चा की।स्वनीति इनिशिएटिव फेलो सुश्री दीक्षा पांडेय एवं साईचंद्र आर ने तेलंगाना अध्ययन के निष्कर्ष प्रस्तुत किए।जिसमें मंचेरियल और पेद्दापल्ली जिलों की कोयले पर आर्थिक निर्भरता को प्रमुखता से रेखांकित करते हुए आर्थिक विविधीकरण के उपाय सुझाए गए हैं।सत्र का संचालन स्वनीति के स्टेट लीड श्रीराम कोलासानी ने किया।सत्र में सभी प्रतिभागियों ने कोयला निर्भर क्षेत्रों में जस्ट ट्रांजीशन के अवसरों एवं चुनौतियों पर खुल कर अपने अपने विचार रखे। सभी ने क्षेत्रीय स्तरों पर रणनीतियों की आवश्यकता तथा कोयला कंपनियों के एरिया लेबल पर जस्ट ट्रांजीशन को संस्थागत रूप देने पर बल दिया।कार्यक्रम में लगभग 50 कोयला अधिकारी शामिल थे।




