सिंगरौली :- एनसीएल में सीबीआई की कार्रवाई की आंच दो पूर्व सीएमडी तक पहुंचने की संभावना जतायी जा रही है।एनसीएल सीएमडी के सचिव सूबेदार ओझा,सुरक्षाधिकारी बीके सिंह एवं चर्चित ठेकेदार रवि शंकर सिंह को सीबीआई टीम ने रविवार को गिरफ्तारी के बाद रविवार को ही देर रात न्यायालय में पेश कर रिमांड पर ले कर पूछताछ कर रही है। पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर आज सुबह एनसीएल के डीटी (पी &पी) सुनील प्रसाद सिंह एवं सीवीओ राजेन्द प्रसाद के आवास पर सीबीआई टीम ने दबिश दिया।सीवीओ के अनुपस्थिति में उनके आवास को सील कर दिया गया है। सूत्रों की माने तो जैसे जैसे जांच आगे बढ़ रही है वैसे वैसे जांच की आग पूर्व के दो सीएमडी तक पहुंचती दिख रही है। जानकारी हो कि रविवार को हुई छापेमारी में सीबीआई करोड़ो रूपये नगद मिली है। बताते हैं की नवजीवन बिहार विंध्यनगर के इन्दपुरी कॉलोनी ढोटी वार्ड क्रमांक 31 में चर्चित ठेकेदार रवि शंकर सिंह के आवास से भी नगदी एवं सोने-चॉदी के जेवरात बरामद किया गया है।
पूरी कहानी
चर्चित सप्लायर रविशंकर सिंह की दशकों से एनसीएल में तूती बोलती है। सिंगरौली से लेकर जबलपुर एवं बिहार तक इसका व्यवसाय फैला हुआ है। कई सहयोगी जुड़े हुये हैं। जहां पूर्व में पदस्थ एनसीएल सिंगरौली के दो सीएमडी पीके सिन्हा एवं भोला सिंह एवं पूर्व के सीजीएम जयंत मुरली के काफी नजदीकी रहें हैं , और उनसे बेहतर सबंध रहे हैं। सीबीआई टीम पूर्व के सीएमडी एवं अन्य अधिकारियों से रविशंकर सिंह के मधुर रिश्ते की डोर तलाशने में लगी है।जानकारों की माने तो आने वाले दिनों में पूर्व सीएमडी पीके सिन्हा एवं भोला सिंह से सीबीआई की पूछताछ की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।
लंबे अरसे से चल रहा था खेल
बताते हैं पार्ट्स और मैटेरियल आपूर्ति के खेल में लेन – देन का सिलसिला काफी समय से चल रहा है।इसकी सूचना सीबीआई जबलपुर को मिली थी।व्याप्त चर्चाओं का मुताबिक सीबीआई जबलपुर के डीएसपी जॉय जोसेफ दामले कार्रवाई करने के बजाए इस सिंडिकेट का खिलाड़ी बन गया।तब शिकायत सीबीआई दिल्ली मुख्यालय पहुंची।शिकायत पर दिल्ली सीबीआई की टीम ने बिसात बिछाई।दिल्ली सीबीआई की टीम ने सबसे पहले सीबीआई जबलपुर के डीएसपी को हिरासत में लिया।इसके बाद सीएमडी के सचिव,सुरक्षा अधिकारी और ठेकेदार रविशंकर के यहाँ रेड किया।बताते हैं कि सीबीआई दिल्ली के टीम ने भ्रष्टाचार अधिनियम 7, 7 ए , 8 और पीसी एक्ट 1988 सहित अन्य भारतीय न्याय संहिता सेशन 61 के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। सीबीआई नई दिल्ली के इंस्पेक्टर विकास रानौत के अगुआई में यह कार्रवाई की गई है।
चर्चा
सप्लायर रविशंकर सिंह बहुत कम समय मे ही अकूत सम्पति का मालिक बन बैठा। इन्द्रपुरी कॉलोनी सहित बैढ़न इलाके में करोड़ों रूपये की लागत से ऊचीं-ऊचीं हवेलियां है।
चर्चा ये भी पार्ट्स एवं मैटेरियल आपूर्ति के खेल में 550 करोड़ के लेनदेन के मामले में सीबीआई द्वारा ये कार्रवाई की जा रही है।
【नवभारत न्यूज़ सिंगरौली से इनपुट के साथ】



