धनबाद :- कोयला कर्मचारियों के पेंशन फंड की मजबूती (स्थिरता) की कवायद तेज हो गयी है। सीएमपीएफओ के बोर्ड ऑफ ट्रस्टी (बीओटी)की 180 वीं बैठक में लिए निर्णय के आलोक में गठित कमेटी की 1 जुलाई को कोयला मंत्रालय में बैठक संपन्न हुई। जिसकी अध्यक्षता कोयला मंत्रालय की अपर सचिव रुपिंदर बरार ने किया जबकि बैठक में सीएमपीएफओ कमिश्नर वी.के.मिश्रा, सीआईएल के निदेशक(वित्त) मुकेश अग्रवाल,अतिरिक्त सीपीएफसी, ईपीएफओ सुश्री अपराजिता जग्गी,एससीसीएल के जीएम(एफ एंड ए) एम. सुब्बा राव , और सीटू नेता व बीओटी सदस्य डी.डी. रामानन्दन उपस्थित थे। बैठक में सीएमपीएफओ और एक्चुअरी कई बातों को अस्वीकार करते हुए सीटू नेता डीडी रामनन्दन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ये बड़ा मुद्दा है। इस बीओटी के सभी सदस्यों के साथ बैठक कर निर्णय लेना चाहिए।कमेटी ने उनकी बात को स्वीकार कर लिया।अब अगली मीटिंग में बीओटी के सभी सदस्य उपस्थित रहेंगे।
बैठक में क्या हुआ
बैठक में पेंशन के बारे में अंशदान, भुगतान , पेंशन फंड की स्थिति पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन किया गया।
एक्चुअरी की टिप्पणियों और घाटे से निपटने के लिए उनके द्वारा सुझाए गए उपायों और विकल्पों पर भी चर्चा की गई। यह देखा गया कि पेंशन योजना एक क्रॉस-सब्सिडी मॉडल पर चलती है जिसमें पेंशनभोगियों को सक्रिय सदस्यों के योगदान से भुगतान किया जाता है। हाल के दिनों में, यह देखा गया है कि आउटसोर्सिंग और विभिन्न कारणों से अंशदान देने वालों सदस्यों की संख्या में तेजी से गिरावट आई है, जबकि पेंशनभोगियों की संख्या बढ़ गई है, जिसके परिणामस्वरूप पेंशन फंड में भारी घाटा दर्ज किया गया है। कुछ वर्षों तक यह प्रवृत्ति जारी रहने की संभावना है जब तक कि कोई व्यवहार्य समाधान नहीं निकाला जाता। सीआईएल और एससीसीएल द्वारा पेंशन में 10/- प्रति टन की बढ़ोतरी से पेंशन फंड में कुछ हद तक स्थिरता बनी। हालाँकि, वर्ष 2050 तक निधि की स्थिति के अनुमान के आधार पर, ये उपाय पर्याप्त नहीं पाए जाते हैं।बैठक अधिकतम पेंशन की सीमा निर्धारित करना, पेंशनभोगियों के लिए वर्तमान लाभों को कम करना और सक्रिय सदस्यों के लिए वार्षिकी योजना शुरू करने का सुझाव एक्चुअरी ने दिया, जिसे सीटू नेता डीडी रामनन्दन ने सिरे से खारिज कर दिया। लंबे समय तक पेंशन फंड की स्थिरता के समाधान के लिए समाधान पर पहुंचने के लिए बीओटी के अन्य यूनियन को भी इस कमेटी के अगली बैठक में आमंत्रित करने पर सहमति बनी।



