रांची : सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के रांची स्थित मुख्यालय में आज आयोजित नेशनल पीआर कॉन्क्लेव-2025 में कोल इंडिया लिमिटेड के निदेशक (कार्मिक) डॉ. विनय रंजन ने “जनसंपर्क की पुनर्परिभाषा: डिजिटलीकरण के युग में सूचना से सहभागिता तक” विषय पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर डॉ. रंजन ने कहा कि संचार समाज की धारणा को दिशा देने वाला एक सशक्त माध्यम है, और जनसंपर्क की भूमिका केवल सूचना तक सीमित न रहकर सहभागिता के माध्यम से विश्वास निर्माण तक विस्तारित हो गई है। उन्होंने सीएसआर और कल्याणकारी पहलों के माध्यम से समाज के प्रति कोल इंडिया के योगदान को रेखांकित किया तथा कहा कि यह प्रयास कंपनी की सामाजिक प्रतिबद्धता का दर्पण हैं।
डॉ. रंजन ने यह भी उल्लेख किया कि कोल इंडिया के प्रत्येक कर्मचारी को सकारात्मक कहानियों और उपलब्धियों को समाज के साथ साझा कर कंपनी की छवि को और सुदृढ़ बनाने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने आधुनिक संचार माध्यमों एवं डिजिटल प्लेटफॉर्मों का उपयोग कर जानकारी को प्रभावी रूप से प्रसारित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कॉन्क्लेव के उद्घाटन सत्र में प्रसिद्ध विज्ञापन विशेषज्ञ श्री प्रह्लाद कक्कड़ ने भी अपने विचार साझा किए और बदलते जनसंपर्क परिदृश्य में रचनात्मकता एवं नवाचार के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में निलेंदु कुमार सिंह, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, सीसीएल, सतीश झा, अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, ईसीएल, तथा सीसीएल के वरिष्ठ प्रबंधन उपस्थित रहे।




